स्वाइन फ्लू से 7 की मौत, मृतकों की संख्या 366 हुई (राउंडअप)
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के बयान के अनुसार इस बीमारी से कर्नाटक में दो, महाराष्ट्र में एक और केरल में चार लोगों की मौत हो गई।
केरल में चार लोगों की मौत के साथ ही यहां मृतकों की संख्या नौ हो गई। महराष्ट्र में मृतकों की संख्या 148 और कर्नाटक में 103 हो गई है।
कर्नाटक के स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि बेंगलुरू के एक सरकारी अस्पताल में तीन अक्टूबर को 18 वर्षीय किशोर ने दम तोड़ दिया जबकि एक निजी अस्पताल में पांच अक्टूबर को 38 वर्षीय महिला की मौत हो गई।
दोनों की जांच रिपोर्ट छह अक्टूबर को मिली, जिनमें उनके स्वाइन फ्लू से संक्रमित होने की पुष्टि की गई थी।
स्वास्थ्य सचिव आई.आर.पेरुमल ने आईएएनएस को बताया, "लोगों को इस बीमारी से बचने के लिए ऐहतियाती उपाय करने चाहिए। उन्हें अपने घर में साफ सफाई रखनी चाहिए और भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचना चाहिए। स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए जाने पर तुरंत चिकित्सक से जांच करानी चाहिए।"
गौरतलब है कि कर्नाटक में स्वाइन फ्लू के कारण 103 लोगों की मौत हो चुकी है जिनमें से 70 की मौत बेंगलुरूमें हुई है।
देश में बुधवार को 101 नए मामले सामने आए हैं। इनमें महाराष्ट्र में सर्वाधिक 46, दिल्ली में 29 और हरियाणा में 14 मामले सामने आए हैं।
स्वाइन फ्लू से सर्वाधिक पीड़ितों के मामले में महाराष्ट्र 3152 पीड़ितों के साथ सबसे ऊपर है। इसके बाद दिल्ली में करीब 3,000 पीड़ित हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications