बांग्लादेश ने म्यांमार सीमा पर सैनिकों की तैनाती की
ढाका, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। म्यांमार की सीमा पर व्यापक पैमाने पर कथित घुसपैठ और म्यांमार द्वारा सीमा पर बाड़ खड़ा किए जाने के विरोधस्वरूप बांग्लादेश ने अपने सीमा रक्षकों की छुट्टियां निरस्त कर दी है और सीमा पर सैनिकों की तैनाती की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
बांदरबान में नैख्यांगछारी सीमा पर म्यांमार द्वारा शुक्रवार को बाड़ लगाए जाने के बाद से तनाव की स्थिति पैदा हो गई है। म्यांमार ने अपनी सीमा के अंदर शनिवार को सेना की भी तैनाती कर दी है।
समाचार पत्र न्यू एज ने गृह मंत्रालय के एक अधिकारी के हवाले से बुधवार को कहा कि म्यांमार से लगी 300 किलोमीटर लंबी सीमा पर अपने सैनिकों को अलर्ट करने के साथ ही ढाका को बांग्लादेश की सीमा में रोजगार या पनाह के लिए म्यांमार की जनता की घुसपैठ को रोकने के लिए राजनयिक प्रयास करने की भी जरूरत पड़ सकती है।
बांग्लादेश समय-समय पर रोहिंग्यास मुस्लिम कबायलियों को अपने यहां पनाह देता रहा है। ये कबायली म्यांमार की सैन्य जुंटा का विरोध करते हैं। लेकिन इस बार ढाका ने एक नया मुद्दा खड़ा कर दिया है।
अधिकारी ने कहा है कि बांग्लादेश में म्यांमार के नागरिकों के प्रवेश के कारण यहां के श्रम बाजार और बांग्लादेशी श्रमिकों की प्रतिष्ठा को क्षति पहुंच रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications