म्यांमार के जुंटा प्रतिनिधि ने सू ची से मुलाकात की
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक सरकार के एक मंत्री आंग ची ने बुधवार की दोपहर सीनले कांथा गेस्टहाउस में 25 मिनट तक नोबल पुरस्कार विजेता सू ची से मुलाकात की। सरकारी सूत्रों ने इस मुलाकात की पुष्टि की है। दोनों ने शनिवार को भी मुलाकात की थी।
यद्यपि मुलाकात में हुई चर्चा की विस्तृत जानकारी नहीं मिली है। सरकारी सूत्रों का कहना है यह मुलाकात सू ची द्वारा पिछले महीने जुंटा नेता थान श्वी को म्यांमार पर लगे आर्थिक प्रतिबंधों को हटाने के लिए पश्चिमी लोकतांत्रिक देशों को मनाने का आश्वासन देने से संबंधित थी।
पिछले महीने सू ची ने थान श्वी को एक पत्र भेजा था जिसमें उन्होंने पश्चिमी कूटनीतिज्ञों से मुलाकात करने की इजाजत मांगी थी ताकि वह उनसे प्रतिबंधों को हटाने के संबंध में बात कर सकें।
वर्ष 1988 में लोकतंत्र समर्थक प्रदर्शनकारियों पर सेना के हमले के बाद से म्यांमार पर अंतर्राष्ट्रीय प्रतिबंध लगे हुए हैं। सेना के इस हमले में 3,000 लोग मारे गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications