कर्नाटक में स्वाइन फ्लू से मरने वालों की संख्या 103 हुई
बेंगलुरू के एक सरकारी अस्पताल में तीन अक्टूबर को 18 वर्षीय किशोर ने दम तोड़ दिया जबकि एक निजी अस्पताल में पांच अक्टूबर को 38 वर्षीय महिला ने दम तोड़ दिया।
एक स्वास्थ्य अधिकारी के अनुसार दोनों की जांच रिपोर्ट छह अक्टूबर को मिली, जिनमें उनके स्वाइन फ्लू से संक्रमित होने की पुष्टि की गई थी।
स्वास्थ्य सचिव आई.आर.पेरुमल ने आईएएनएस को बताया, "लोगों को इस बीमारी से बचने के लिए ऐहतियाती उपाय करने चाहिए। उन्हें अपनी साफ सफाई रखनी चाहिए और भीड़भाड़ वाली जगहों में जाने से बचना चाहिए। स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए जाने पर तुरंत चिकित्सक से जांच करानी चाहिए।"
गौरतलब है कि कर्नाटक में स्वाइन फ्लू के कारण 103 लोगों की मौत हो चुकी है जिनमें से 70 की मौत बेंगलुरूमें हुई है।
मंगलवार को राज्य में स्वाइन फ्लू के 27 नए मामलों की पुष्टि हुई। जिनमें से 20 मामले बेंगलरू, जबकि बगलकोट, बीजापुर, बेल्लारी और गदाग में एक-एक और चित्रदुर्गा में तीन मामलों की पुष्टि हुई। राज्य में अब तक स्वाइन फ्लू के 1,113 मामलों की पुष्टि हो चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications