वांछित मुनियार के बारे में नेपाल पुलिस के पास कोई सुराग नहीं
काठमांडू, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। नेपाल ने कहा है कि उसे अब्दुल माजिद सिद्दिकी उर्फ माजिद मुनियार के आपराधिक जीवन के बारे में कोई जानकारी नहीं है, जिस पर भारतीय पुलिस ने नकली नोटों, हथियारों की तस्करी के साथ पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के लिए काम करने का आरोप लगाया था।
भारत-नेपाल सीमा पर स्थित कस्बे नेपालगंज में मनियार का शव पाए जाने के 48 घंटे बाद नेपाल के गृह मंत्रालय के प्रवक्ता जय मुकुंद खनल ने बुधवार को कहा कि उन्हें मनियार के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है।
नेपालगंज पुलिस के पास मनियार का कोई खराब रिकार्ड नहीं है। करीब दो वर्ष पहले नेपाल में पुलिस ने उसे जाली भारतीय मुद्रा नेपाल में चलाने के आरोप में पकड़ा था। परंतु अपर्याप्त साक्ष्य के कारण न्यायालय से वह रिहा हो गया।
खबरों के अनुसार हाल ही में मनियार के एक पुत्र विकी को नकली नोटों के साथ भारतीय सीमा में पकड़ा गया। विकी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसके पिता के संबंध दाऊद इब्राहिम से हैं।
यह अटकल लगाई जा रही है कि पुत्र की रिहाई के लिए भारतीय पुलिस को सौदेबाजी से रोकने के लिए मनियार की हत्या की गई। उसकी हत्या के कथित तौर पर जिम्मेदार माने जा रहे दो भारतीयों की तलाश भी पुलिस कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications