सरहद पार से आया मनचला पहुंचा जेल
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पाकिस्तान का असगर (27 वर्ष) मलेशिया में एक पेट्रोल पम्प पर काम करता था। छिंदवाड़ा की रत्ना सोनी एक कार्यक्रम के सिलसिले में मलेशिया गईं तो असगर उन्हें देखते ही लट्टू हो गया। असगर ने रत्ना से प्रशंसक के तौर पर फोन किया और मुलाकात भी की।
रत्ना जहां उसे प्रशंसक मानती थी वहीं असगर उससे एक तरफा प्यार करने लगा। असगर पिछले दिनों मलेशिया से नेपाल होता हुआ भारत आया और रत्ना से मिलने छिंदवाड़ा पहुंच गया। चांद थाने के प्रभारी एस़ बी़ मिर्जा ने बुधवार को आईएएनएस को बताया है कि रत्ना एक कार्यक्रम के सिलसिले में चांद क्षेत्र में आई तो असगर भी वहां जा पहुंचा, उसे रत्ना के साथियों ने पीटा तथा पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
मिर्जा के मुताबिक असगर अब न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। रत्ना ने पुलिस में शिकायत की है कि असगर उसे फोन पर ब्लेकमेल करता था और उसे धमकाता था। उसकी असगर से बतौर प्रशंसक फोन पर बात और मुलाकात हुई। वहीं असगर रत्ना से प्यार करने की बात कहता है तथा उससे मिलने छिंदवाड़ा तक आ पहुंचा।
मिर्जा ने बताया है कि असगर के पास से जो पासपोर्ट मिला है वह फर्जी है क्योंकि तस्वीर असगर की है मगर नाम तथा पता नेपाल निवासी का है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
इंडो एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications