वाजपेयी ने विधानसभा चुनावों में भाजपा को जिताने की अपील की
हरियाणा के मतदाताओं के लिए बुधवार को जारी की गई अपील में वाजपेयी ने कहा, "हरियाणा विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। चुनाव चाहे लोकसभा का हो या विधानसभा का, मैं हमेशा आपके बीच पहुंचकर अपनी बात रखता रहा हूं लेकिन इस बार मेरा स्वास्थ्य इसकी अनुमति नहीं दे रहा है। आपके बीच न आ सकने की पीड़ा है।"
उन्होंने कहा, "मौका आया है प्रदेश की इस दुर्व्यवस्था के जिम्मेदार लोगों को सबक सिखाने का। चुनाव लड़ रहे अन्य दलों के पास प्रदेश के विकास की न तो दृष्टि है और नहीं कोई ठोस योजना। ऐसे में भाजपा ही एकमात्र विकल्प है जिसके पास हरियाणा के तेजी से चहुंमुखी विकास व लोगों की सुरक्षा और समृद्धि का संकल्प है।"
महाराष्ट्र के मतदाताओं के लिए अपील जारी करते हुए वाजपेयी ने कहा, "दुर्भाग्य से इस प्रदेश में पिछले 10 वर्षो से जनजीवन असुरक्षित है। भ्रष्टाचार का बोलबाला है। महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। बिजली, पानी, सूखे और बाढ़ जैसी गंभीर समस्याओं से निपटने में कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार पूरी तरह असफल रही है।"
उन्होंने कहा, "भाजपा-शिवसेना गठबंधन ही प्रदेश में एकमात्र विकल्प है। महाराष्ट्र की जनता ने पूर्व में भी भाजपा-शिवसेना की सरकार देखी है, जिसने विकास और आम-आदमी की सुरक्षा के लिए प्राथमिकता के साथ काम किया। अत: मेरी आपसे अपील है कि भाजपा-शिवसेना गठबंधन को बहुमत प्रदान करें और एक नया महाराष्ट्र-जहां न भूख हो, न बेकारी हो, न लाचारी हो और सभी को अपने सपने साकार करने का समान अवसर मिले-बनाने का संकल्प करें।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications