ग्रेनेड हमले में दो जवान घायल

अल्ताफ़ हुसैन
बीबीसी संवाददाता, श्रीनगर
भारत प्रशासित जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर के लाल चौक पर चरमपंथियों ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ़) की एक गाड़ी को निशाना बनाकर हथगोले से हमला किया है.
मंगलवार को हुए इस हमले में दो जवान घायल हो गए हैं.
घायलों को अस्पताल ले जाया गया है. बीएसएफ की गाड़ी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गई.
पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों ने इलाक़े को सील कर दिया है और जाँच की जा रही है.
राज्य में हिंसा की कुछ घटनाएं पिछले दिनों में तेज़ हुई हैं, लेकिन ऐसा कई महीनों के बाद हुआ है कि राजधानी के चाक चौबंद लाल चौक पर हमला किया गया है.
पिछले महीने भी श्रीनगर में एक भीषण कार बम धमाका हुआ था जिसमें चार लोगों की मौत हो गई थी. इस हमले में भी पुलिस की एक बस को निशाना बनाया गया था.
ध्यान रहे कि पिछले एक-दो वर्षों में जब ऐसा लग रहा था कि राज्य से हिंसा ख़त्म हो गई है एक बार फिर से अगस्त के महीने के बाद हिंसा की ख़बर मिल रही है.
ऐसा लग रहा है कि चरमपंथी फिर से संगठित हो रहे हैं.


Click it and Unblock the Notifications