प्रधानमंत्री का राष्ट्रीय खाद्य प्रसंस्करण नीति पर जोर
नई दिल्ली, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। खाद्य प्रसंस्करण उद्योग के तीव्र विकास के लिए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने मंगलवार को राष्ट्रीय खाद्य प्रसंस्करण नीति की जरूरत पर बल दिया।
राज्यों के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रियों की पहली बैठक का उद्घाटन करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि नीति तभी असरदार होगी जब वह व्यापक होने के साथ साथ कई विधायी, प्रशासनिक तथा प्रोत्साहन के उपायों से युक्त हो।
उन्होंने कहा कि राज्यों और उद्योग के फैसलों के अनुसार नीति का विकास किया जाना चाहिए। विभिन्न कृषि जलवायु और क्षेत्र पर आधारित लाभकारी कृषि व्यापार और कृषि उद्योग के विकास को बढ़ावा देना चाहिए।
सिंह ने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र, उद्योग जगत का अगुवा बनने की क्षमता रखता है और वह अर्थव्यवस्था को बदल सकता है।
केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्रालय द्वारा आयोजित सम्मेलन में सभी राज्यों के मंत्री और अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications