..तो भंग हो जाएगा वायुसेना का सूर्य किरण एयरोबैटिक्स दल!
नई दिल्ली, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। वायुसेना का सूर्य किरण एयरोबैटिक्स दल (एसकेएटी) गुरुवार को वायुसेना दिवस पर भले ही आकाश में अपने करतब दिखाएगा, लेकिन संभवत: इस दल का यह अंतिम प्रदर्शन होगा। प्रशिक्षक विमानों की कमी की वजह से वायुसेना संभवत: इस दल को भंग कर देगी।
वायुसेना का सूर्य किरण दल आसमान में तिरंगा की छवि उतारता है, जो दर्शकों में कौतूहल पैदा कर देता है। चूंकि वायुसेना के मूलभूत प्रशिक्षक विमान एचपीटी-32 के बेड़े को कई सारी दुर्घटनाओं और इंजन में खराबी आने के कारण सेवा से मुक्त किया जा रहा है, ऐसे में एसकेएटी का निर्माण करने वाले सभी एचजेटी-16 किरण विमानों को नए पायलटों को प्रशिक्षित करने के काम में ले लिया जाएगा।
वायुसेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर आईएएनएस को बताया, "आठ अक्टूबर को संभवत: सूर्य किरण का अंतिम बार प्रदर्शन होगा। इस समय एचपीटी-32 के बेड़े को सेवा मुक्त किए जाने के कारण सूर्य किरण विमानों को नए पायलटों को प्रशिक्षण देने के काम में इस्तेमाल किया जा रहा है। प्रशिक्षक विमानों की कमी के कारण सूर्य किरण विमानों के दल को समाप्त करने के मुद्दे पर चर्चा जारी है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications