छत्तीसगढ़ में विषाक्त भोजन से 11 की मौत
रिपोर्टो के अनुसार नारायणपुर और कांकेर जिले के दो गांवों में अधपका मांस खाने से 11 लोगों की मौत हो गई। यह घटना सोमवार रात की है। मृतकों में दोनों जिले के बंदलपुर और खुरपई गांव के निवासी शामिल हैं।
बस्तर क्षेत्र के आयुक्त मनोज कुमार पिंगुआ ने आईएएनएस से कहा, "सोमवार देर रात प्रभावित दोनों गांवों में चिकित्सकों की टीम भेजी गई। "
स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार तीन अक्टूबर को एक जनजातीय परिवार ने भोज का आयोजन किया था, जिसमें लगभग 100 लोगों ने हिस्सा लिया था। भोज में अधपका मांस परोसा गया।
भोजन करने के बाद कई लोगों को उल्टी और पेट में दर्द की शिकायत हुई। एक स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा, "पांच लोगों की मौत रविवार रात को हुई जबकि छह ने सोमवार को दम तोड़ा। गांवों के सड़क मार्ग से कटे होने की वजह से हमें सोमवार देर रात को इसकी सूचना मिली, जिसके बाद हमने तत्काल चिकित्सकों को वहां रवाना कर दिया और 20 से ज्यादा ग्रामीणों को नारायणपुर जिले के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया।"
अधिकारी ने कहा कि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है क्योंकि 10 लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications