दलाई लामा ने अमेरिका में पुरस्कार ग्रहण किया
वाशिंगटन, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने भले ही रणनीतिक कारणों से दलाई लामा से अपनी मुलाकात टाल दी है, लेकिन दलाई लामा मानवाधिकारों के लिए अपने संघर्ष के एवज में एक पुरस्कार ग्रहण करने मंगलवार को कैपिटोल में मौजूद थे।
चीन की लंबे समय से आलोचक रहीं हाउस स्पीकर नैंसी पेलोसी ने दलाई लामा को लैंटोस ह्यूमन राइट्स पुरस्कार प्रदान किया। यह पुरस्कार डेमोक्रेट प्रतिनिधि टॉम लैंटोस की स्मृति में रखा गया है। लैंटोस कांग्रेस के अकेले ऐसे सदस्य रहे जो होलोकास्ट में जीवित बच गए थे। गले के कैंसर के कारण पिछले वर्ष ही उनकी मौत हुई है।
दलाई लामा ने अपना पूरा जीवन मानवाधिकारों और विश्व शांति के लिए संघर्ष में बिताया है और उन्हें वर्ष 1989 में नोबल पुरस्कार से नवाजा जा चुका है। दलाई लामा से मुलाकात न करने वाले ओबामा पहले अमेरिकी राष्ट्रपति होंगे।
ऐसे में चीनी राष्ट्रपति हू जिंताओं के साथ नवंबर में अपनी प्रस्तावित मुलाकात तक दलाई लामा से मुलाकात न करने के ओबामा के निर्णय की रिपब्लिकनों ने आलोचना की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications