नक्सलियों ने पुलिसकर्मी की हत्या से पहले कोई मांग नहीं रखी थी : चिदंबरम
चिदंबरम ने कहा है, "पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने मुझे बताया है कि नक्सलियों ने कैदियों की रिहाई की कोई मांग नहीं रखी थी। इसके अलावा हम कानून के शासन से बंधे हुए हैं। कैदी अदालत के अधिकार क्षेत्र में हैं। ऐसे में हम उन कैदियों को फिरौती के रूप में रिहा नहीं कर सकते जो कानून को अपने हाथों में लेते हैं।"
झारखण्ड पुलिस के अधिकारी फ्रांसिस इंदुवर का सिर विहीन शव रांची-जमशेदपुर राजमार्ग पर मंगलवार को सुबह पाया गया था। नक्सलियों ने इंदुवर का अपहरण कर लिया था और उनकी रिहाई के बदले अपने तीन शीर्ष नेताओं को रिहा करने की मांग की थी, जिनमें भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के वरिष्ठ नेता कोबद गांधी का नाम भी शामिल था।
इंदुवर पुलिस की विशेष शाखा में एक खुफिया अधिकारी के रूप में काम करते थे। नक्सलियों ने 30 सितंबर को उन्हें अगवा कर लिया था।
चिदंबरम ने एक अंग्रेजी समाचार चैनल के साथ बातचीत में मंगलवार को कहा, "यदि कोई विकास संबंधी उचित मांग होती तो उस पर विचार किया जा सकता था, लेकिन डीजीपी ने मुझे बताया कि सरकार के सामने कोई मांग ही नहीं रखी गई थी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications