'ओबामा-दलाई लामा की मुलाकात स्थगित होना मुद्दा नहीं'
काठमांडू, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अगले महीने होने वाले चीन के अपने पहले आधिकारिक दौरे तक तिब्बतियों के धर्मगुरु दलाई लामा के साथ मुलाकात स्थगित कर दिया है।
अब दलाई लामा के कार्यालय की ओर से इस घटना पर यह कह कर सफाई दी गई है कि यह कोई मुद्दा नहीं है कि ओबामा दलाई लामा से नहीं मिल रहे हैं।
दलाई लामा के विशेष दूत ज्ञाल्तसेन ज्ञारी द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है, "यह कोई मुद्दा नहीं है कि राष्ट्रपति ओबामा फिलहाल दलाई लामा से मुलाकात करने की स्थिति में नहीं हैं।"
ज्ञारी ने कहा है, "व्यापक और दीर्घकालिक परिप्रेक्ष्य में दलाई लामा नवंबर में अमेरिका व चीन के बीच होने वाली बैठक के बाद ओबामा से मिलने को राजी हैं।"
बयान में आगे कहा गया है, "दलाई लामा ने ओबामा के दूतों को इस बात से अवगत करा दिया है कि वह बाद में ओबामा से मुलाकात करेंगे। उन्होंने मुलाकात के निमंत्रण के लिए ओबामा को धन्यवाद दिया है।"
ज्ञारी ने कहा है, "हमें उम्मीद है कि अमेरिका-चीन के बीच सहयोगी रिश्ता ऐसी परिस्थिति तैयार करेगा जो तिब्ब्ती जनता की वैध शिकायतों के समाधान में मददगार साबित होगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications