श्रीनगर विस्फोट में 4 घायल, मुठभेड़ में 2 आतंकवादी ढेर (लीड-1)
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आतंकवादियों ने दोपहर में लाल चौक में खड़े बीएसएफ के एक वाहन पर हथगोला फेंका। हथगोला फटने से गाड़ी में बैठे दो जवान और पास में खड़े आम नागरिक घायल हो गए।
पुलिस अधिकारी ने बताया, "घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।"
हथगोला फेंकने वालों की तलाश के लिए लाल चौक में क्लाक टॉवर के आसपास के इलाकों को पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने घेराबंदी कर ली है।
अभी तक किसी संगठन ने विस्फोट की जिम्मेदारी नहीं ली है। बम विस्फोट उस समय किया गया जब सेना, सीआरपीएफ और पुलिस दक्षिण कश्मीर के पामपारे कस्बे के नजदीक जंगल में आतंकवादियों को खोजने के अभियान में व्यस्त थे।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान छिपे हुए एक आतंकवादी ने जवानों पर गोलीबारी की।
एक अधिकारी ने बताया, "मुठभेड़ में अब तक एक आतंकवादी मारा गया है और एक जवान घायल हो गया है।" मुठभेड़ अभी जारी है।
उधर उधमपुर जिले में सुरक्षाकर्मियों की कार्रवाई में मंगलवार तड़के हिजबुल मुजाहिदीन का एक आतंकवादी मारा गया।
मारे गए आतंकवादी की पहचान मोहम्मद ओसामा के रूप में हुई है। उधमपुर के धिमलू इलाके में आतंकवादियों के खिलाफ सुरक्षाकर्मियों का अभियान अभी जारी है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि क्षेत्र में आतंकवादियों के खिलाफ अभियान की शुरुआत मंगलवार तड़के हुई जो अभी भी जारी है। उन्होंने कहा, "हमें संदेह है कि अभी भी कम से कम तीन या चार आतंकवादी छुपे हुए हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications