विवाह के कुछ घंटे बाद ही एनआरआई परिवार पहुंचा जेल
होशियारपुर (पंजाब), 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। दूल्हे, दूल्हे की मां और बहनों सहित ब्रिटेन और अमेरिका के अनिवासी भारतीयों के एक परिवार को विवाह समारोह के तुरंत बाद जेल पहुंचा दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि अनिवासी भारतीय (एनआरआई) परिवार के कम से कम नौ सदस्यों को पंजाब पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया है जबकि अन्य को पकड़ने के प्रयास जारी हैं। इन सभी के पास ब्रिटेन और अमेरिका के पासपोर्ट हैं।
ब्रिटेन में लंदन के साउथहाल इलाके, लीसेस्टर शहर, कैलीफोर्निया के कोनिक व वुडलैंड शहरों के इन आरोपियों पर शनिवार शाम यहां के प्रसिद्ध 'ग्रीन फील्ड' मैरिज हॉल के मालिक पर हमला करने का आरोप है।
15-20 बारातियों की भीड़ द्वारा मैरिज हॉल के मालिक पर हमला किया गया जिसमें वह और उसका बेटा जख्मी हो गए थे। मैरिज हॉल से दूल्हे का थैला गायब हो जाने से गुस्साए बारातियों ने यह हमला किया था।
एक स्थानीय अदालत द्वारा न्यायिक हिरासत का आदेश देने के बाद 27 वर्षीय दूल्हे गुरप्रीत सिंह, उसकी मां सुखविंदर सिंह कौर, उसकी दो बहनों रीमा बेन्स और सीमा संघीरा को गिरफ्तार कर होशियारपुर जेल भेज दिया गया है। जेल में भेजे गए अन्य लोगों में दूल्हे के रिश्तेदार शामिल हैं। दूल्हे के पिता की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है।
पुलिस ने मामले के आरोपियों के पासपोर्ट जब्त कर लिए हैं। परिवार के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की हत्या, आपराधिक गतिविधि, दंगा करने, हमला और लूट करने संबंधी धाराएं लगाई गई हैं।
जांच कर रहे एक अधिकारी ने कहा, "हम मामले की जांच कर रहे हैं। घटना के कुछ घंटे बाद ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications