बाढ़ प्रभावित राज्यों की और सहायता के लिए केंद्र तैयार: चिदंबरम
गृह मंत्री ने सोमवार को संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ प्रभावित इलाकों का हवाई दौरा किया था। चिदंबरम द्वारा मंगलवार को जारी एक बयान में कहा गया कि दोनों राज्यों को बाढ़ से भारी नुकसान हुआ है और लाखों लोगों को शिविरों में रहना पड़ रहा है।
केंद्र सरकार दोनों राज्यों को राहत और बचाव कार्यो के लिए सेना, हेलीकॉप्टर और नौका भेजकर बाढ़ से निपटने में सहायता कर रही है। चिदंबरम ने कहा, "केंद्र सरकार दोनों राज्यों को आवश्यकता पड़ने पर और अधिक सहायता करने के लिए तैयार है।"
चिदंबरम ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से संपर्क स्थापित करने के बाद इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी.एस.येदियुरप्पा और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के.रोसैया को आपदा राहत कोष का उपयोग करने की सलाह दी।
दोनों राज्यों को सहायता स्वरूप दी जाने वाली राशि के बारे में चिदंबरम ने कुछ नहीं कहा, लेकिन उन्होंने कहा कि आपदा राहत कोष का 75 फीसदी खत्म होने के बाद राज्य सरकार राष्ट्रीय आकस्मिक आपदा कोष से राशि निकाल सकती है।
चिदंबरम ने कहा कि वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी के स्वदेश वापसी के बाद अगले कदम पर विचार किया जाएगा।
आंध्र प्रदेश और कर्नाटक ने बाढ़ में 28,000 करोड़ रुपये की संपत्ति के नुकसान होने का अनुमान लगाया है। दोनों राज्यों ने केंद्र से तत्काल 16,000 करोड़ रुपये की सहायता राशि की मांग की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications