बुनियादी सुविधाओं से वंचित ग्रामीणों के किया पोलियो अभियान का बहिष्कार
खलकपुर और मेंहदी गांवों के लोगों ने इलाके में बिजली, सड़क और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं की खस्ता हालत की ओर सरकार और जन प्रतिनिधियों का ध्यान खींचने के लिए चार अक्टूबर को सम्पन्न पल्स पोलियो उन्मूलन अभियान का बहिष्कार किया।
ग्रामीणों को कहना है कि उनका बहिष्कार तब तक जारी रहेगा जब तक उनके इलाके की बुनियादी सुविधाओं को सही नहीं किया जाता।
खलकपुर गांव के सरपंच वीरेंद्र परम सिंह ने सोमवार को आईएएनएस से कहा कि जब तक गांव की स्थितियों में सुधार नहीं हो जाता, तब तक बहिष्कार जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि गांव में दूषित जल आपूर्ति और खराब सड़कें मुख्य समस्याएं हैं। पिछले 10 सालों से उन्हें केवल आश्वासन ही मिल रहे हैं। खलकपुर गांव की आबादी 2,000 और मेंहदी गांव की आबादी 1,000 है।
उपजिलाधिकारी आर. कृष्णा से जब इस बारे में संपर्क किया गया तो उन्होंने आईएएनएस से कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं को हल करने का हर संभव प्रयास किया जाएगा, जिससे पल्स पोलियो उन्मूलन कार्यक्रम सुचारू रूप से संचालित किया जा सके।
उल्लेखनीय है कि इस साल एक अक्टूबर तक उत्तर प्रदेश में पोलियो के 314 नए मामले सामने आए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications