लंबी उड़ान के ख़िलाफ़ हैं पायलट

लंबी उड़ान के ख़िलाफ़ हैं पायलट

यूरोपीय देशों के पायलट ज़्यादा लंबे समय तक ड्यूटी पर लगाए जाने के ख़िलाफ़ प्रदर्शन की तैयारी कर रहे हैं.

उनका कहना है कि ज़्यादा लंबे समय तक उडान भरने से इंसानों की ज़िंदगी ख़तरे में पड़ जाती है.

यूरोप के पायलटों के संघ की दलील है कि मौजूदा क़ानून जो ये तय करते हैं कि उड़ान कितने घंटों तक भरी जा सकती है, असुरक्षित हैं. पायलटों के संघ का कहना है कि पंद्रह प्रतिशत विमान दुर्घटनाओं का कारण पायलटों की थकान है.

लेकिन यूरोपीय विमानन सुरक्षा एजेंसी का कहना है कि उसे इस विषय पर उस रिपोर्ट का इंतज़ार है जो वैज्ञानिक आधार पर तैयार की गई हो.

ब्रिटेन में ये प्रदर्शन इसलिए नहीं होंगे क्योंकि वहां पायलटों के प्रदर्शन या हड़ताल करने पर प्रतिबंध है.

लेकिन माना जा रहा है कि ब्रिटेन के पायलट उस प्रदर्शन में शामिल होंगे जो यूरोप के 35 दूसरे देशों के पायलट करने वाले हैं.

अभी ये साफ नहीं हुआ है कि इस हड़ताल से यात्री प्रभावित होंगे या नहीं.

ब्रिटिश एयरलाइंस पायलट संघ (बाल्पा) के महासचिव जिम मैकौसियन का कहना है कि उन्हें डर है कि 2012 तक सभी पायलटों के काम करने के समान मानक तय करने के यूरोपीय संघ के प्रस्ताव से पायलटों पर दबाव बढ़ेगा.

जिम मैकौसियन ने कहा कि "सिर्फ़ विशेषज्ञ ही ये बता सकते हैं कि अलग अलग टाइम ज़ोन में उड़ान भरने, लगातार तड़के सुबह काम शुरु करने और देर तक काम करते रहने से पायलटों के शरीर पर क्या असर पड़ता है."

जिम मैकौसियन ने बीबीसी को बताया कि "जहाँ यूरोपीय संघ के कानून के मुताबिक एक पायलट 14 घंटों तक काम कर सकता है, वैज्ञानिकों का मानना है कि उन्हें 13 घंटों से ज्यादा काम नहीं करना चाहिए."

जिम मैकौसियन का कहना है कि तय समय से ज़्यादा काम करने से दुर्घटना होने का ख़तरा साढ़े पांच गुना ज्यादा बढ़ जाता है.

मैकौसियन ने उम्मीद ज़ाहिर की है कि जब ये बात जनता के सामने लाई जाएगी, तब वो खु़द का़नून बनाने वालों से कहेंगे कि आपको ऐसा नहीं करना चाहिए, बल्कि विज्ञान की बातों को सुनना चाहिए.

ट्रांसपोर्ट विभाग के प्रवक्ता का कहना है कि "नए कानूनों को लागू करने की प्रक्रिया में सुरक्षा से समझौता बिल्कुल ही नहीं होगा.यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा को हम उच्च प्राथमिकता देते हैं और हम इससे समझौता नहीं होने देंगे."

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+