देश में स्वाइन फ्लू से मरने वालों की संख्या 351 हुई (राउंडअप)
सोमवार को हुई सात मौतों में से चार महाराष्ट्र में तथा एक-एक हरियाणा, दिल्ली और कर्नाटक में हुई हैं। इसके साथ ही महाराष्ट्र में फ्लू के कारण मरने वालों की संख्या 143, दिल्ली में 15 और हरियाणा में चार हो गई है।
दिल्ली में इनफ्लुएंजा ए (एच1एन1) के कारण एक 27 वर्षीय महिला की सोमवार को मौत हो गई।
दिल्ली की स्वास्थ्य मंत्री किरण वालिया ने कहा है कि पीड़िता की मौत सफदरजंग अस्पताल में हुई है। वह हृदय रोग से पीड़ित थी और सफदरजंग अस्पताल में आने से पहले उसने एस्कॉर्ट हार्ट इंस्टीट्यूट में इलाज कराया था।
इसके अलावा राजधानी में सोमवार को फ्लू के 27 नए मामले प्रकाश में आए हैं। इसके साथ ही यहां स्वाइन फ्लू पीड़ितों की संख्या बढ़ कर 2,920 हो गई है। इनमें से 90 प्रतिशत लोग पूरी तरह स्वस्थ्य हो चुके हैं। नए मामलों में 15 बच्चे शामिल हैं।
स्वास्थ्य मंत्री वालिया ने कहा, "स्थिति नियंत्रण में है। घबराने की कोई बात नहीं है।"
वालिया ने कहा है कि सरकार स्वाइन फ्लू के रोगियों को सर्वोत्तम इलाज मुहैया कराने की कोशिश कर रही है। वालिया ने लोगों से अपील की है कि फ्लू के लक्षण पैदा होने पर तत्काल किसी चिकित्सक से सलाह ली जाए।
देश में सोमवार को फ्लू के 174 नए मामले प्रकाश में आए हैं। इसके साथ ही फ्लू पीड़ितों की संख्या बढ़ कर 11,068 हो गई है। नए 174 मामलों में 48 महाराष्ट्र, 29 कर्नाटक और 27 दिल्ली के मामले शामिल हैं।
उधर हिमाचल प्रदेश में स्वाइन फ्लू के नोडल अधिकारी विनोद मेहता ने आईएएनएस को बताया कि पिंजोरे में स्थित अल्पाइन रेजीडेंसियल स्कूल के एक अध्यापक और दो छात्रों में फ्लू की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही राज्य में फ्लू पीड़ितों की संख्या बढ़ कर सात हो गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications