कनाडा के प्रधानमंत्री का भारत दौरा अगले महीने
गुरमुख सिंह
टोरंटो, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निमंत्रण पर कनाडा के प्रधानमंत्री स्टीफन हार्पर अगले महीने भारत का दौरा करेंगे।
हार्पर के भारत दौरे की अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है लेकिन समाचार एजेंसी 'कानवेस्ट' ने आधिकारिक सूत्रों के हवाले से खबर है कि हार्पर 15 से 18 नवंबर के बीच भारत में होंगे।
दोनों देशों के बीच व्यापार बढ़ाने के लिए भारतीय प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान हार्पर के द्विपक्षीय मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर करने की संभावना है।
समाचार एजेंसी के अनुसार कनाडा के प्रधानमंत्री के नई दिल्ली के अलावा मुंबई और संभवत: चेन्नई या हैदराबाद जाने की भी संभावना है, जहां कनाडा की अधिकांश कंपनियां स्थित हैं।
कनाडा की वर्ष 2003 से जारी 'पूर्व की ओर ध्यान केंद्रित करने संबंधी' नीति के तहत पहले भी वहां के दो प्रधानमंत्री भारत का दौरा कर चुके हैं। जीन केट्रीन नवंबर 2003 में और उनके उत्तराधिकारी पाल मार्टिन वर्ष 2005 में भारत का दौरा कर चुके हैं।
वर्ष 2006 में पद संभालने वाले हार्पर वर्ष 2003 के बाद से भारत का दौरा करने वाले तीसरे प्रधानमंत्री होंगे।
दूसरी तरफ इंद्र कुमार गुजराल के बाद से कोई भी भारतीय प्रधानमंत्री कनाडा के दौरे पर नहीं गया है।
भारत के साथ व्यापार बढ़ाने के प्रयास में कनाडा के प्रधानमंत्री का भारत दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कनाडा ने परमाणु आपूर्ति समूह (एनएसजी) में भारत को विश्व बाजार से परमाणु सामग्री और प्रौद्योगिकी हासिल करने की अनुमति देने का समर्थन किया था। अब कनाडा की बड़ी परमाणु कंपनियां भारत को यूरेनियम और परमाणु प्रौद्योगिकी बेचने का प्रयास कर रही हैं।
इस वर्ष जनवरी से अब तक कनाडा के पांच वरिष्ठ मंत्री 4.6 अरब डॉलर के वर्तमान द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ाने के लिए भारत का दौरा कर चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications