केरल नौका हादसे में चालक और सहायक गिरफ्तार
थेक्कडी, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। केरल के थेक्कडी में बुधवार की नौका दुर्घटना के मामले में नौका चालक और उसके सहायक को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस हादसे में 45 लोग मारे गए थे।
पुलिस के मुताबिक नौका चालक विक्टर सैमुअल (38) और सहायक अनीश (24)को रविवार रात गिरफ्तार किया गया। इस मामले में जांच का नेतृत्व कर रहे पुलिस अधीक्षक पी. ए. वाल्सन ने आईएएनएस को बताया, "अब हम दोनों को दुर्घटना स्थल पर ले जाएंगे। इन पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है और इन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।"
शुरुआती जांच में पता चला है कि नौका पर 75 लोगों के सवार होने की क्षमता थी लेकिन हादसे के वक्त उस पर 12 अतिरिक्त लोग सवार थे। यह नौका केरल पर्यटन विकास निगम (केटीडीसी) की थी। सैमुअल और अनीश दोनों ही केटीडीसी के कर्मचारी हैं।
वाल्सन ने कहा, "सैमुअल के पास जरूरी लाइसेंस है जबकि अनीश के पास नहीं है। अगले कुछ दिनों में नौका विशेषज्ञों द्वारा वैज्ञानिक जांच की जाएगी और इसके बाद रिपोर्ट सरकार को सौंपी जाएगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications