दिल्ली में स्वाइन फ्लू से एक महिला की मौत
दिल्ली की स्वास्थ्य मंत्री किरण वालिया ने कहा कि पीड़िता की मौत सफदरजंग अस्पताल में हुई है। वह हृदय रोग से पीड़ित थी और सफदरजंग अस्पताल में आने से पहले उसने एस्कॉर्ट हार्ट इंस्टीट्यूट में इलाज कराया था।
इसके अलावा राजधानी में सोमवार को फ्लू के 27 नए मामले प्रकाश में आए। इसके साथ ही यहां स्वाइन फ्लू पीड़ितों की संख्या बढ़ कर 2,920 हो गई है। इनमें से 90 प्रतिशत लोग पूरी तरह स्वस्थ्य हो चुके हैं। नए मामलों में 15 बच्चे शामिल हैं।
स्वास्थ्य मंत्री वालिया ने कहा है कि सरकार स्वाइन फ्लू के रोगियों को सर्वोत्तम इलाज मुहैया कराने की कोशिश कर रही है। वालिया ने लोगों से अपील की है कि फ्लू के लक्षण पैदा होने पर तत्काल किसी चिकित्सक से सलाह ली जाए।
ज्ञात हो कि देश में अब तक स्वाइन फ्लू के 11,000 से अधिक मामले प्रकाश में आ चुके हैं। इस बीमारी के कारण अब तक कम से कम 351 लोगों की मौत हो चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications