ताइवान के समीप पनामा के जहाज की खोज जारी
ताइपे, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। समुद्री तूफान पार्मा के दौरान आपात सहायता के लिए संदेश भेजने वाले पनामा के एक मालवाहक जहाज की तलाश ताइवान के तटरक्षक बल कर रहे हैं। ताइपे के बचाव और समन्वय केंद्र ने सोमवार को यह जानकारी दी।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार प्रेस से बात करने के लिए अनधिकृत बचाव और समन्वय केंद्र के एक अधिकारी ने अपना नाम गुप्त रखने की शर्त पर टेलीफोन पर बताया कि पनामा के जहाज की तलाश अभी जारी है।
जहाज एमएस यूफोनिया ने रविवार शाम 5.46 बजे आपात संदेश भेजा था। उस समय वह ताइवान के तट से 74 समुद्री मील दूर था।
इस जहाज पर चालक दल के 14 सदस्य सवार हैं। इनमें 11 इंडोनेशियाई, दो चीनी और एक व्यक्ति म्यांमार का है।
ताइपे के बचाव केंद्र ने जहाज की तलाश में दो हेलीकॉप्टर भेजे। तटरक्षक बल ने भी तलाशी के लिए नौकाएं भेजी हैं।
फिलीपींस के लुजोन द्वीप पर तबाही मचाने के बाद तूफान पार्मा ने रविवार को ताइवान का रुख किया। द्वीप पर कम से कम 17 लोगों की मौत हुई।
तूफान के प्रभाव से ताइवान के दक्षिणी हिस्से में तेज हवाओं के साथ जोरदार वर्षा हुई। मौसम विभाग के अनुसार फिलीपींस और ताइवान के बीच बशीह खाड़ी में तूफान और दो दिनों तक बना रह सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications