महिला आयोग करेगा विमान परिचारिका के आरोपों की जांच
विमान परिचारिका ने इस संबंध में महिला आयोग में एक औपचारिक शिकायत दर्ज कराई थी।
एनसीडब्ल्यू की अध्यक्ष गिरिजा व्यास ने आईएएनएस को बताया, "पीड़िता यहां आई और मेरे साथ छह घंटे तक बैठी रही। उसने हमारे यहां एक शिकायत दर्ज कराई। हमने मामले की जांच के लिए एयर इंडिया को लिखा है और उन्हें कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न के मामले में सर्वोच्च न्यायालय के दिशानिर्देशों के बारे में भी सूचित किया है।"
व्यास ने कहा, "घटना की जांच के लिए हमने एक समिति का गठन किया है।"
ज्ञात हो कि विमान परिचारिका ने रविवार को एयर इंडिया के दो पायलटों के खिलाफ एक मामला दर्ज कराया था। उसने आरोप लगाया था कि उड़ान के दौरान कुछ केबिन क्रू सदस्यों के कथित हमले में उसके हाथ में चोट आ गई थी।
विमान परिचारिका की चिकित्सकीय जांच में इस बात की पुष्टि हुई है कि उसके ऊपर हमला किया गया था।
विमान परिचारिका द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार कमांडर रणबीर अरोड़ा और कैप्टन आदित्य चोपड़ा नामक दो पायलटों ने उसके साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की थी और जब उसने उनकी हरकतों का विरोध किया तो उन्होंने उसे काकपिट से बाहर धकेल दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications