अमेरिका दौरे के दौरान ओबामा से नहीं होगी दलाई लामा की मुलाकात
वाशिंगटन, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। वर्ष 1991 से लेकर अब तक यह पहला मौका होगा जब तिब्बतियों के धर्मगुरु दलाई लामा इस सप्ताह अपनी अमेरिका यात्रा के दौरान वहां के राष्ट्रपति से मुलाकात नहीं करेंगे। दरअसल, अमेरिका ने चीन को खुश करने की कोशिश में दोनों नेताओं की मुलाकात को स्थगित कर दिया है।
समाचार पत्र वाशिंगटन पोस्ट ने राजनयिकों, सरकारी अधिकारियों और अन्य सूत्रों के हवाले से सोमवार को खबर दी है कि अमेरिका ने तिब्बती प्रतिनिधियों पर दबाव बनाया कि जब तक अगले महीने चीनी राष्ट्रपति हू जिंताओ के साथ ओबामा की बैठक संपन्न नहीं हो जाती तब तक के लिए दलाई लामा और बराक ओबामा की मुलाकात स्थगित कर दी जाए।
वर्ष 1991 से लेकर दलाई लामा कुल 10 बार अमेरिका की यात्रा कर चुके हैं और लगभग हर बार वह व्हाइट हाउस भी गए हैं।
पिछली बार वर्ष 2007 में वह अमेरिका में थे। हालांकि जार्ज बुश पहले राष्ट्रपति थे जिन्होंने उस समय राजधानी में आयोजित एक समारोह में दलाई लामा से सार्वजनिक रूप से मुलाकात की थी। उस समारोह में बुश ने दलाई लामा को कांग्रेस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान कांग्रेसनल गोल्ड मेडल प्रदान किया था।
वाशिंगटन पोस्ट ने लिखा है कि दलाई लामा के साथ ओबामा की बैठक स्थगित करने के अमेरिकी निर्णय के पीछे की रणनीति कुछ इस तरह लगती है जैसे वह चीन के साथ संबंधों को सुधारना चाहता है।
ओबामा प्रशासन के अधिकारियों ने नई रणनीति को 'रणनीतिक आश्वासन' बताया है, जो अमेरिकी सरकार को इस बात के लिए प्रेरित करता है कि वह चीन को यह समझाने के लिए कदम उठाए कि वह उभरती एशियाई ताकतों से बाहर नहीं है।
वाशिंगटन पोस्ट ने एक अनाम एशियाई राजनयिक के हवाले से लिखा है कि दलाई लामा के साथ मुलाकात के प्रति अपनी उदासीनता के बारे में अमेरिकी अधिकारियों ने तिब्बती प्रतिनिधियों को बताया है कि वे चीन के साथ नाजुक मुद्दों पर काम करना चाहते हैं। उन मुद्दों में उत्तर कोरिया और ईरान में परमाणु हथियारों के प्रसार का मुद्दा भी शामिल है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications