कश्मीर में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ में 7 घायल
पुलिस पर पत्थर फेंक रही भीड़ पर पुलिस द्वारा आंसू गैस के गोले छोड़े जाने व डंडे बरसाने के दौरान सोपोर में गंभीर रूप से घायल हुए एक प्रदर्शनकारी की 23 वर्षीय फारुक अहमद वंदरू के रूप में पहचान की गई है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में घायल हुए फारुक अहमद वंदरू को विशेष चिकित्सा के लिए श्रीनगर भेज दिया गया है।"
यद्यपि प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि पुलिस द्वारा फेंके गए आंसू गैस के गोलों में से एक गोला वंदरु के सिर पर लगा था। जिसकी वजह से उसके सिर में चोट आ गई है।
इससे पहले शुक्रवार को बारामुला शहर में प्रदर्शन के दौरान आंसू गैस का गोला लगने से एक किशोर इरफान अहमद लोन की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद भी लोगों की पुलिस से मुठभेड़ जारी थी।
पुलिस ने कहा, "बारामुला शहर में आज हुई मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मियों सहित छह लोगों को मामूली चोटें आई हैं। यहां धीरे-धीरे स्थिति पर काबू पाया जा रहा है। यद्यपि शहर के पुराने इलाकों में तनाव जारी है।"
पुलिस महानिरीक्षक (कश्मीर) फारुक अहमद ने मीडिया को बताया कि बारामुला भेजे गए पुलिसकर्मियों ने अनियंत्रित हुई भीड़ से निपटने में संयम बरता।
राज्य सरकार ने पहले ही लोन की मृत्यु की न्यायिक जांच के आदेश दे दिए हैं।
नजरबंदी में रह रहे अलगाववादी नेता व विभाजित हुर्रियत समूह के अध्यक्ष सैयद अली गिलानी ने बारामुला की घटना के विरोध में सोमवार की दोपहर प्रदर्शन का आह्वान किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications