मित्तल के हाथ खींचने के बारे में सरकार को जानकारी नहीं
झारखण्ड के उद्योग सचिव एन.एन. सिन्हा ने आईएएनएस को बताया, " हमें इस बात की कोई सूचना नहीं है कि आर्सेलर मित्तल राज्य से स्टील परियोजना समेटने की योजना बना रहा है।"
आर्सेलर मित्तल की स्टील परियोजना सहित बहुत सी परियोजनाएं राज्य में भूमि अधिग्रहण की समस्या का सामना कर रहीं हैं। सिन्हा ने कहा कि लेकिन राज्य सरकार इसका समाधान निकालने का प्रयास कर रही है।"
ब्रिटेन के समाचार पत्र 'फाइनेंशियल टाइम्स' ने आर्सेलर मित्तल के अध्यक्ष लक्ष्मी एन.मित्तल के हवाले से कहा था कि कंपनी झारखण्ड और उड़ीसा में स्टील परियोजना लगाने की योजना छोड़ सकती है।
मित्तल का कहना था कि अगर भूमि अधिग्रहण की समस्या का समाधान जल्दी नहीं होता तो कंपनी परियोजना के लिए वैकल्पिक जगह तलाशने पर विचार करेगी।
आर्सेलर मित्तल ने प्रस्तावित परियोजना के लिए झारखण्ड के खुटी और गुमला जिलों में 11,000 एकड़ जमीन की पहचान की है।
यद्यपि, स्थानीय निवासी भूमि अधिग्रहण का कड़ा विरोध कर रहे हैं। स्थानीय निवासियों ने भूमि अधिग्रहण का विरोध करने के लिए झारखण्ड विस्थापित विरोधी संघ का गठन किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications