पाक में आत्मघाती हमले में 3 मरे (लीड-2)
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार आत्मघाती हमलावर का शव बरामद कर लिया गया है। इस्लामाबाद के पुलिस उप महानिरीक्षक बिन यामीन ने इस संबंध में जानकारी दी।
डब्ल्यूएफपी का कार्यालय इस्लामाबाद के सेक्टर एफ आठ में है। कार्यालय यहां एक किराए के मकान में चल रहा है। विस्फोट के वक्त कार्यालय में 80 लोग उपस्थित थे, जिसमें 20 से 30 विदेशी कर्मचारी थे।
यामीन ने कहा कि मृतकों में डब्ल्यूएफपी की दो महिला कर्मचारी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि दोनों महिलाएं पाकिस्तानी थीं। घायलों को इस्लामाबाद स्थित पाकिस्तान चिकित्सा विज्ञान संस्थान (पीआईएमएस) अस्पताल में भर्ती करवाया गया है और अस्पतालों में आपात स्थिति लागू कर दी गई है।
पीआईएमएस के प्रवक्ता वसीम ख्वाजा ने कहा कि दो पाकिस्तानी और एक विदेशी नागरिक का शव अस्पताल लाया गया था। उन्होंने कहा कि घायलों में चार की हालत नाजुक बनी हुई है।
इस्लामाबाद में मौजूद चीन के एक संवाददाता ने कहा कि उसने स्थानीय समयानुसार दोपहर 12.15 बजे धमाके की आवाज सुनी। विस्फोट के तुरंत बाद संयुक्त राष्ट्र के कर्मचारियों से कार्यालय की इमारत खाली करने को कहा गया था। फिलहाल किसी भी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
सूत्रों के अनुसार पुलिस ने पूछताछ के लिए छह लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें दो सुरक्षा गार्ड भी शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications