बच्ची का विवाह विकलांग से कराने का प्रयास, 3 गिरफ्तार
जिले के भोगांव थाना प्रभारी राज कुमार शर्मा ने सोमवार को आईएएनएस को बताया कि घटना छाछा गांव की है। इस गांव की एक 10 वर्षीय बच्ची की शादी 25 वर्षीय युवक जयवीर से कराने की तैयारी अंतिम दौर में थी। इस मामले में बच्ची के पिता छोटेलाल, जयवीर और उसके पिता कालीचरण को गिरफ्तार कर लिया गया। इन लोगों के खिलाफ बाल विवाह अपराध अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक विकलांग होने के कारण जयवीर की शादी नहीं हो रही थी। उसके घरवालों ने गांव के ही छोटेलाल को धन का लालच देकर कहा कि वह जयवीर से बेटी की शादी करा दे तो उसे दो लाख रुपये देंगे। इस पर छोटेलाल शादी करवाने को तैयार हो गया।
रविवार को शादी कराने के लिए छोटेलाल बेटी को दुल्हन के जोड़े में लेकर गांव के दूर बने एक प्राचीन मंदिर जा रहा था। इसकी भनक समाजसेवियों को लग गई। वे पुलिस के साथ मंदिर पहुंचे जहां शादी की तैयारियां जोर शोर से चल रही थीं।
ग्रामीण पूरन यादव ने बताया, "जब हम सभी मंदिर पहुंचे तो बच्ची और युवक दोनों शादी के पोशाक में थे। वरमाला की रस्म होने ही जा रही थी। पुलिस को देख दूल्हा और उसका पिता मौके से भागने लगे। इसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications