कर्नाटकः बारिश से राहत, अबतक 170 मौतें
बेंगलुरू। कर्नाटक के बाढ़ प्रभावित उत्तरी जिलों में लोगों को तेज बारिश से राहत मिली है वहीं रविवार को बाढ़ से मरने वालों की संख्या 170 तक पहुंच गई है। राज्य में सबसे ज्यादा बाढ़ से प्रभावित जिलों में राहत कार्य और बचाव अभियान तेजी से चलाया जा रहा है।
राज्य के सूखा प्रबंधन प्राधिकरण के सचिव एच.वी.पार्श्वनाथ ने बताया,"कर्नाटक के उत्तरी हिस्से में पिछले 12 घंटों में बारिश और बाढ़ से थोड़ी राहत मिली है, जबकि राज्य के तटीय और मध्य इलाकों में मूसलाधार बारिश जारी है।"
राज्य सरकार ने बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित 10 जिलों के विभिन्न इलाकों में राहत और पुर्नवास कार्य को और तेज कर दिया है वहीं हजारों लोगों को राहत शिविरों में ले जाया जा रहा है। पार्श्वनाथ ने कहा," बाढ़ के कारण प्रभावित इलाके में खोले गए 598 पुनर्वास केंद्रो और राहत शिविरों में लगभग 177,500 लोगों ने शरण ले रखी है।"
राज्य में शनिवार से बारिश में कमी देखी जा रही है वहीं बाढ़ प्रभावित इलाकों में पानी कम होना शुरु हो गया है। लेकिन बारिश और बाढ़ की वजह से सड़कें, पुल, और राजमार्गो के क्षतिग्रस्त होने से राहत कार्यो में बाधा आ रही है।
पार्श्वनाथ ने कहा,"पिछले 12 घंटो में पानी से पूरी तरह जलमग्न हो चुके बीजापुर, बगलकोट, बेल्लारी, कोपाल, रायचुर और गुलबर्गा जिले के प्रभावित गांवों में खाद्य सामग्री के 20,000 पैकेट गिराए गए हैं।"
राज्य के मुख्यमंत्री बी.एस.येदुरप्पा शुक्रवार से ही बाढ़ प्रभावित इलाकों का सड़क मार्ग और हवाई सर्वेक्षण कर रहे हैं। बाढ़ की वजह से 10,000 करोड़ रुपये का नुकसान होने का अनुमान लगाया गया है।
इंडो-एशिन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications