बोडो आतंकवादियों ने 10 लोगों को गोलियों से भूना, 12 घायल
गुवाहाटी, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। असम के सोनितपुर जिले के बालिसंग गांव में रविवार की देर शाम बोडो आतंकवादियों ने हमला कर दिया और ग्रामीणों पर अंधाधुंध गोलीबारी की जिसमें 10 ग्रामीणों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए। मृतकों में चार महिलाएं शामिल हैं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि प्रतिबंधित संगठन नेशनल डेमोक्रेटिक फ्रंट आफ बोडोलैंड (एनडीएफबी) के करीब दर्जन भर सशस्त्र आतंकवादियों ने बालिसंग गांव में हमला कर दिया।
अधिकारी ने कहा कि आतंकवादियों ने आटोमेटिक हथियार से ग्रामीणों पर अंधाधुंध गोलीबारी की जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई और करीब दर्जन भर घायल हो गए।
घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई गई है।
अधिकारी ने कहा कि आतंकवादी दो-तीन किलोमीटर के दायरे में करीब एक घंटे तक गोलीबारी करते रहे। उस वक्त उनके सामने जो भी आए वे मारे गए।
हमले के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है लेकिन एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि आतंकवादियों ने यहां के व्यापारियों से धन की मांग की थी जिसे स्थानीय लोगों ने पूरा नहीं किया। संभव है कि यह हमला उसी की प्रतिक्रिया में हुई हो।
प्रतिबंधित संगठन एनडीएफबी बोडो जनजाति के लिए अलग देश की मांग करता रहा है।
असम में पिछले दो दशक से जारी हिंसा में अब तक 10,000 लोगों की मौत हो चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications