नर्सिंग संस्थान प्रबंधन पर यौन शोषण का आरोप
लखनऊ के वजीरगंज इलाके स्थित मशहूर के. के. नर्सिंग संस्थान में डिप्लोमा का कोर्स कर रहीं लड़कियों ने संस्थान के प्रबंधन पर यौन शोषण का आरोप लगाया है। इस मामले का खुलासा करने के लिए एक लड़की ने स्टिंग ऑपरेशन किया, जिसमें प्रबंधन से जुड़े एक अधिकारी की करतूतें सामने आ गई।
लड़कियों के मुताबिक डिग्री हासिल करने के लिये जोर-जबरदस्ती की जाती थी। मजबूरी के चलते कुछ लड़कियां प्रबंधन के दबाव में आ जाती थीं, लेकिन जिसे ये शर्त मंजूर नहीं होती उसे इस हद तक परेशान किया जाता है की उसके पास समर्पण करने के अलावा कोई विकल्प नहीं होता।
के. के. नर्सिंग संस्थान में दो वर्ष पूरे की पढ़ाई कर चुकी आरती (बदला हुआ नाम) ने बताया, "तीसरे साल में मेरी उपस्थिति कम थी। नर्सिंग होम के जनसम्पर्क अधिकारी(पीआरओ) रामजीलाल वाजपेयी ने कहा कि मुझसे मेरे बेडरूम में अकेले में मिलो वरना सर्टिफिकेट नहीं मिलेगा।"
आरती के मुताबिक वाजपेयी उसे पिछले कई महीनों से मिलने के लिए धमकी दे रहा था। उधर अब मामले का खुलासा होने के बाद आरती की दूसरी सहपाठी लड़कियां उसके साथ आ गई हैं।
स्टिंग के बाद हरकत में आई पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। लखनऊ के पुलिस प्रमुख प्रेम प्रकाश ने यहां संवाददाताओं को बताया कि के.के. नर्सिग संस्थान के मालिक कमलकांत सिंह और उसके भाई कृष्णकांत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस इन लोगों से पूछताछ कर रही है, जबकि फरार वाजपेयी की तलाश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक कमलाकांत लखनऊ के प्रतिष्ठित छत्रपति साहू जी महाराज चिकित्सा विश्वविद्यालय में प्रोफेसर है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications