हिमाचल में जलागम प्रबंधन पर खर्च होंगे 137 करोड़ रुपये
ग्रामीण एवं पंचायती राज मंत्री ने कहा कि प्रदेश के 10 जिलों, बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, किन्नौर, मण्डी, शिमला, सिरमौर, सोलन तथा ऊना जिलों में प्रथम चरण में वर्षा पर आधारित 91885 हेक्टेयर क्षेत्र के उपचार के लिए इस कार्यक्रम के अंतर्गत 90 प्रतिशत धनराशि केंद्र सरकार से प्राप्त होगी तथा शेष 10 प्रतिशत धनराशि राज्य के हिस्से के रूप में प्रदेश सरकार द्वारा वहन की जाएगी।
जय राम ठाकुर ने कहा कि जलागम क्षेत्र में आने वाले लोगों की जीविकोपार्जन में बढ़ोतरी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न गतिविधियों एवं प्राकृतिक संसाधनों का उचित प्रबन्धन किया जाएगा। इसके तहत मुख्यत: जल संरक्षण, नमी संरक्षण, पौधरोपण, कृषि व बागवानी विकास तथा अतिरिक्त रोजगार सृजन से संबंधित गतिविधियों को प्राथमिकता के आधार पर चलाया जाएगा।
इन गतिविधियों के निष्पादन से कृषि, बागवानी, चारा उत्पादन में बढ़ोतरी एवं रोजगार सृजन के अतिरिक्त अवसर प्राप्त होने के साथ-साथ लोगों की आय में वृद्धि होगी तथा पर्याप्त मात्रा में पेयजल व सिंचाई हेतु जल की व्यवस्था सुनिश्चित हो सकेगी।
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री ने कहा कि इस कार्यक्रम के अन्तर्गत इस वित्तीय वर्ष में 24.81 करोड़ रुपये केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत कर दी गई है तथा 2़ 75 करोड़ रुपये की धनराशि राज्य सरकार के हिस्से के रूप में प्रदेश सरकार द्वारा वहन की जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications