पीएमके ने एआईएडीएमके से नाता तोड़ा
डिंडीवनम के नजदीक थाइलापुरम में हुई पार्टी की कार्यकारी परिषद की बैठक में यह फैसला हुआ। बैठक में पीएमके के संस्थापक एस. रामदॉस भी शामिल हुए।
पार्टी की ओर से रविवार को जारी एक बयान में कहा गया कि पीएमके के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ एक अदालती मामले को वापस लेने के पीएमके के अनुरोध को एआईएडीएमके द्वारा खारिज कर दिए जाने के कारण यह निर्णय लिया गया।
ज्ञात हो कि एआईएडीएमके जब सत्ता में थी तो रामदॉस और उनके बेटे अंबुमणि रामदॉस सहित उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ पुलिस में एक मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने इस मामले में जब रामदॉस और उनके परिवार के सदस्यों को बरी कर दिया तो एआईएडीएमके के नेता सी. वी. षणमुगम ने मद्रास उच्च न्यायालय में अपील कर रामदॉस परिवार को इस मामले में आरोपी बनाए जाने का आग्रह किया।
पीएमके के नेता जी. के. मणि ने इसी सिलसिले में पिछले सप्ताह एआईएडीएमके की अध्यक्ष जे. जयललिता से मुलाकात की थी और उनसे आग्रह किया था कि वह षणमुगम को इस मामले को आगे न बढ़ाने का निर्देश दें।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications