राजस्थान में रबी की बुआई के लिए उर्वरकों की पर्याप्त व्यवस्था
कृषि आयुक्त ने कहा कि राज्य के किसी भी क्षेत्र में उर्वरकों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने सभी क्षेत्रीय अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने सम्पूर्ण कार्यक्षेत्र में समान रूप से उर्वरकों की आपूर्ति सुनिश्चित करें।
कृषि विभाग, राजफैड एवं उर्वरक आपूर्ति संस्था आई.पी.एल. एवं इफको के माध्यम से राज्य में ढाई लाख टन डी.ए.पी. का अग्रिम भंडारण किया गया है जिसमें से डेढ़ लाख टन रबी फसलों के लिए आरक्षित किया गया है।
इस माह में चना व सरसों की बुआई के मद्देनजर एक लाख 17 हजार टन डी.ए.पी. की आपूर्ति की जा रही है जिसमें रविवार तक 21 हजार 700 टन आपूर्ति हो चुकी है तथा इस पखवाड़े के अन्त तक 72 हजार टन डी.ए.पी. की आपूर्ति की जाएगी।
राज्य के दक्षिणी-पूर्वी हिस्सों में पिछले दो दिनों में हुई वर्षा को ध्यान में रखते हुए कोटा एवं भरतपुर कृषि संभागों के जिलों में एक अक्टूबर से रविवार तक 14 हजार टन डी.ए.पी. की आपूर्ति की जा चुकी है तथा राज्य के समस्त क्षेत्रों में डी.ए.पी., यूरिया व अन्य उर्वरकों की आपूर्ति की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications