सीमांत सड़कों के निर्माण के लिए हिमाचल-पंजाब सहमत
इस संबंध में पंजाब सरकार द्वारा शीघ्र ही मंत्रालय स्तर की बैठक चंडीगढ़ में आयोजित की जाएगी, जिसमें दोनों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी भी भाग लेंगे।
हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री ठाकुर गुलाब सिंह ने पंजाब के लोक निर्माण मंत्री को बताया कि राज्य के मुख्यमंत्री प्रो़ प्रेम कुमार धूमल ने पूर्व में पंजाब के मुख्यमंत्री श्री प्रकाश सिंह बादल से इस सम्बन्ध में एक बैठक की थी, जिसमें पिंजौर-बद्दी-नालागढ़ एक्सप्रेस हाईवे और बद्दी-बरोटीवाला-चंडीगढ़-मोहाली एक्सप्रेस हाईवे को शीघ्र पूरा करने के बारे में विचार विमर्श हुआ था। प्रो़ धूमल ने पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल से इन मागरें को शीघ्र पूरा करने का आग्रह किया था, जिस पर बैठक में सहमति बनी थी।
गुलाब सिंह ने कहा कि हाल ही में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित की गई मंत्रिमंडल की बैठक में इन दोनों एक्सप्रेस हाईवे के निर्माण के लिए पंजाब सरकार के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर को मंजूरी प्रदान की गई थी। उन्होंने कहा कि बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण के मुख्यकार्यकारी अधिकारी को राज्य सरकार की ओर से इस समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने के लिए प्राधिकृत किया गया है।
उन्होंने पंजाब के लोक निर्माण मंत्री से आग्रह किया कि वे इस समझौता ज्ञापन पर शीघ्र हस्ताक्षर करें ताकि बद्दी-बरोटीवाला औद्योगिक क्षेत्र को जल्द पंजाब से सीधा जोड़ा जा सके, जिससे हिमाचल प्रदेश के इस औद्योगिक क्षेत्र में और अधिक औद्योगिक विकास सुनिश्चित हो।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications