रेगिस्तानीकरण रोकने के लिए संयुक्त राष्ट्र ने धन बढ़ाया
ब्यूनस आयर्स, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। रेगिस्तानीकरण फैलने से रोकने के लिए आयोजित संयुक्त राष्ट्र के एक सम्मेलन में शनिवार को इस कार्य के लिए कोष बढ़ाने को स्वीकृति दी गई।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार रेगिस्तानीकरण रोकने के संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन में 190 देशों के प्रतिनिधियों ने इस मद में खर्च को 4.29 प्रतिशत बढ़ाकर 1.63 करोड़ डॉलर करने को मंजूरी दे दी। परंतु सम्मेलन के कार्यकारी सचिव ल्यूक नकाद्जा की कोष में 16 प्रतिशत वृद्धि की मांग को अस्वीकार कर दिया गया।
सम्मेलन में उपस्थित प्रतिनिधियों ने रेगिस्तानीकरण, भू-क्षरण और सूखे से निपटने के उपायों पर भी अमल करना स्वीकार किया।
उल्लेखनीय है कि धरती पर 40 प्रतिशत भूमि सूखाग्रस्त है और उस पर विश्व की कुल आबादी का एक-तिहाई हिस्सा रहता है। इनमें से आधे गरीबी में जीवन बिताते हैं।
रेगिस्तानीकरण रोकने पर अगला संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन दो वर्ष बाद दक्षिण कोरिया में होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications