उत्तर कोरियाई पोत पर कुछ भी संदिग्ध नहीं : नौसेना (लीड-1)
नौसेना के प्रवक्ता कमांडर रॉय फ्रांसिस ने कहा है कि उत्तर कोरियाई पोत 'हेयांग रो' को कोझिकोड जिले के वडकरा से 2 अक्टूबर को पकड़ा गया था। नौसेना, तट रक्षक, खुफिया एजेंसियों और बंदरगाह अधिकारियों का एक संयुक्त दल इस पोत का निरीक्षण कर रहा था।
फ्रांसिस ने आईएएनएस को फोन पर बताया, "जांच दल ने पोत की जांच पूरी कर ली है। पोत ने भारतीय जल सीमा में बिना अनुमति के लंगर डाल दिया था। पोत के टैंकों में अंदरूनी रिसाव को भारतीय जल सीमा में लंगर डालने का कारण बताया गया है।"
फ्रांसिस ने कहा है कि पोत जल्द ही भारतीय जल क्षेत्र से प्रस्थान कर जाएगा।
फ्रांसिस ने कहा है, "पोत की जांच करने वाले अधिकारियों ने चालक दल के सदस्यों के दावों को सही बताया है। जांच दल को पोत पर कोई भी संदिग्ध सामान या सबूत नहीं मिला है।"
लगभग 9,000 टन वजन वाला यह पोत कोलंबो से पाकिस्तान के 'पोर्ट बिन कासिम' बंदरगाह के लिए जा रहा था। यह पोत प्योंगयांग स्थित शिनहुंग शिपिंग कंपनी का है और उसके कप्तान चोए सुंग हो हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications