हरियाणा बाहुबलियों से मुक्त होकर विकास की ओर बढ़ा : सोनिया (लीड-2)
सोनिया गांधी ने करनाल और सिरसा में दो चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए शांति, सुरक्षा और विकास पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि केवल कांग्रेस ही ये सभी स्थितियां बहाल कराने में सक्षम है।
गांधी ने कहा, "मुझे विश्वास है कि हरियाणा के लोग विकास, शांति और सुरक्षा के लिए कांग्रेस को वोट देंगे और अपने कार्यकाल के दौरान राज्य को बेहद खराब हालत में पहुंचा देने वाली ताकतों को नकार देंगे।"
सोनिया गांधी ने सिरसा में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, "आपको वे दिन याद होंगे जब हरियाणा में बाहुबलियों का राज था। यहां पर जिसकी लाठी, उसकी भैंस का माहौल था। लेकिन कांग्रेस ने उस हालात को बदल दिया है।"
उन्होंने आगे कहा, "आने वाले दिनों में राज्य विधानसभा के चुनाव होने हैं और हमें विश्वास है कि राज्य के लोग एक बार फिर सही निर्णय लेंगे।"
गांधी ने कहा, "पांच साल पहले का समय याद होगा जब किसान निराश थे, युवा अपने भविष्य के प्रति चिंतित थे और समाज का वंचित तबका सरकारी तंत्र से भयभीत था।"
इसके पहले सोनिया गांधी ने करनाल कस्बे में अपनी पहली रैली को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा के नेतृत्व वाली हरियाणा सरकार की सराहना करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, "आप लोगों ने कठिन हालात में कांग्रेस को सत्ता सौंपी थी। मुझे इस बात की खुशी है कि भूपिंदर सिंह के नेतृत्व वाली सरकार अपने वादों पर खरी उतरी है। केंद्र सरकार ने भी हरियाणा की हर संभव सहायता की है।"
गांधी ने केंद्र और राज्य में कांग्रेस सरकारों द्वारा हरियाणा के लिए पारित विभिन्न परियोजनाओं की सूची गिनाई।
गांधी ने कहा, "हरियाणा शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कर रहा है। महेंद्रगढ़ में एक केंद्रीय विश्वविद्यालय खोला जा रहा है, झज्जर में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की स्थापना की जा रही है, सोनीपत में राजीव गांधी टेक्नोलॉजी पार्क स्थापित किया जा रहा है। इसके अलावा राज्य में जल्द ही महिलाओं के लिए अलग विश्वविद्यालय और एक रक्षा विश्वविद्यालय स्थापित किए जाने वाले हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications