हुड्डा सरकार ने सभी वादे पूरे किए हैं : सोनिया (लीड-1)
करनाल (हरियाणा), 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने रविवार को हरियाणा के लोगों से कहा कि अगर वे राज्य में विकास और शांति को जारी रखना चाहते हैं तो कांग्रेस की सत्ता में वापसी सुनिश्चित कराएं। गांधी ने कहा कि राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास के साथ ही यहां चहुंमुखी विकास हुआ है।
सोनिया गांधी ने करनाल में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा, "मुझे विश्वास है कि हरियाणा के लोग विकास, शांति और सुरक्षा के लिए कांग्रेस को वोट देंगे और अपने कार्यकाल के दौरान राज्य को बेहद खराब हालत में पहुंचा देने वाली ताकतों को नकार देंगे।"
सोनिया गांधी ने कहा, "आपको पांच साल पहले का समय याद होगा जब किसान निराश थे, युवा अपने भविष्य के प्रति चिंतित थे और समाज का वंचित तबका सरकारी तंत्र से भयभीत था।"
उन्होंने आगे कहा, "आने वाले दिनों में राज्य विधानसभा के चुनाव होने हैं और हमें विश्वास है कि राज्य के लोग एक बार फिर सही निर्णय लेंगे।"
मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा के नेतृत्व वाली हरियाणा सरकार की सराहना करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, "आप लोगों ने कठिन हालात में कांग्रेस को सत्ता सौंपी थी। मुझे इस बात की खुशी है कि भूपिंदर सिंह के नेतृत्व वाली सरकार अपने वादों पर खरी उतरी है। केंद्र सरकार ने भी हरियाणा की हर संभव सहायता की है।"
गांधी ने केंद्र और राज्य में कांग्रेस सरकारों द्वारा हरियाणा के लिए पारित विभिन्न परियोजनाओं की सूची गिनाई।
गांधी ने कहा, "हरियाणा शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कर रहा है। महेंद्रगढ़ में एक केंद्रीय विश्वविद्यालय खोला जा रहा है, झज्जर में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की स्थापना की जा रही है, सोनीपत में राजीव गांधी टेक्नोलॉजी पार्क स्थापित किया जा रहा है। इसके अलावा राज्य में जल्द ही महिलाओं के लिए अलग विश्वविद्यालय और एक रक्षा विश्वविद्यालय स्थापित किए जाने वाले हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications