हरियाणा विधानसभा चुनाव : विपक्ष में बिखराव का फायदा उठाएगी कांग्रेस
अंबाला, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। हरियाणा में विपक्ष में बिखराव के कारण सत्तारूढ़ कांग्रेस वापसी की उम्मीद कर रही है। राज्य में 13 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव होगा।
पूर्व केंद्रीय मंत्री और राज्य में कांग्रेस की चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष विनोद कुमार शर्मा ने आईएएनएस से कहा, "इस बार हमारा मुकाबला करने वाला कोई नहीं है। विपक्षी दल इस बात को लेकर लड़ रहे हैं कि नंबर दो कौन होगा। अधिकांश सीटों पर हमारे खिलाफ कोई नहीं है।"
शर्मा खुद अंबाला से चुनाव लड़ रहे हैं और अन्य क्षेत्रों में पार्टी के लिए चुनाव प्रचार भी कर रहे हैं। राज्य के सबसे धनी उम्मीदवारों में से एक शर्मा ने कहा, "मैं अभी आपको सही-सही नहीं कह सकता कि कांग्रेस की झोली में कितनी सीटें आएंगी लेकिन मैं आश्वस्त हूं कि पिछली बार की तुलना में इस बार हमें अधिक सीटें मिलेंगी।"
पिछले विधानसभा चुनाव (वर्ष 2005) में कांग्रेस ने कुल 90 में से 67 सीटों पर जीत दर्ज की थी। लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस का प्रदर्शन अच्छा रहा। पार्टी ने 10 में नौ सीटों पर जीत दर्ज की थी।
विपक्षी दलों में बिखराव की वजह से अधिकांश सीटों पर पांच-छह कोणीय मुकाबला हो रहा है। दरअसल, विपक्षी दल कांग्रेस का मुकाबला करने के लिए गठबंधन बनाने में कामयाब नहीं रहे।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) से अपना गठबंधन तोड़ लिया है। भाजपा हरियाणा जनहित कांग्रेस के साथ गठबंधन करना चाहती थी लेकिन ऐसा हो नहीं सका।
इससे पहले बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का हरियाणा जनहित कांग्रेस के साथ गठबंधन था लेकिन वह भी चुनाव से पूर्व टूट गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications