भविष्य निधि का शेयरों में निवेश सुरक्षित: एसोचैम
एसोचैम ने एक रिपोर्ट में कहा, "अगर कर्मचारी भविष्य निधि के एक हिस्से का निवेश उभरते सूचकांक आधारित शेयर बाजार में करने की अनुम्ति दी जाए तो यह काफी लाभदायक हो सकता है। देश का शेयर बाजार सुरक्षित, भरोसेमंद और लाभ देने वाला है। "
एसोचैम के अध्यक्ष सज्जन जिंदल ने कहा कि ईपीएफओ के पास 2.6 लाख करोड़ रुपये की राशि है जिस पर वह कर्मचारियों को 8 फीसदी सालाना ब्याज देता है।
उन्होंने कहा कि ईपीएफओ को सरकारी शेयरों और बांड में निवेश से अच्छा रिटर्न नहीं मिलता है।
जिंदल ने कहा, " समय आ गया है कि सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टी(सीबीटी) वित्त मंत्रालय की ईपीएफओ कोष का 5 फीसदी शेयर बाजार मे निवेश करने की सिफारिश को हरी झंडी दे।"
एसोचैम ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि उद्योग लाबी के अनुसार शेयर बाजार में निवेश के जोखिम को वित्तीय उपायों के द्वारा नियंत्रित किया जा सकता है। शेयरों में निवेश के जोखिम को कम करने के लिए पेशेवर फंड मैनेजरों की सेवाएं ली जा सकती हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications