'लापता' नवजोत सिद्धू अंतत: घर पहुंचे
अमृतसर, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमृतसर के सांसद और पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी नवजोत सिंह सिद्धू लगभग तीन महीने तक गायब रहने के बाद शनिवार को अंतत: अपने संसदीय क्षेत्र पहुंच गए।
भाजपा सांसद सिद्धू ने अपने संसदीय क्षेत्र से दूर रहने के लिए अपने समर्थकों और मतदाताओं से माफी मांगी।
सिद्धू ऐसे समय में अमृतसर पहुंचे हैं, जब दो दिन पहले ही स्थानीय भाजपा नेता आर.एस.चीना ने अमृतसर सुधार ट्रस्ट के प्रमुख के पद से इस्तीफा दे दिया था। सिद्धू ने चीना की नियुक्ति का विरोध किया था। उनका कहना था कि चीना ने लोकसभा चुनाव के दौरान उनके खिलाफ काम किया था।
सिद्धू की अनुपस्थिति ने कांग्रेसी नेताओं को एक अवसर मुहैया कराया और उन्होंने प्रमुख स्थानों पर सिद्धू के लापता होने संबंधी पोस्टर चिपका डाले।
पूर्व कांग्रेस विधायक राजकुमार वर्का ने पोस्टर के अलावा सिद्धू के खिलाफ गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस में एक शिकायत भी दर्ज करा दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications