अखिल भारतीय अंगुल चिन्ह समारोह जयपुर में
समारोह में महानिदेशक, राष्ट्रीय अपराध अभिलेख ब्यूरो, नई दिल्ली, महानिदेशक पुलिस, राजस्थान, संयुक्त निदेशक, राष्ट्रीय अपराध अभिलेख ब्यूरो, नई दिल्ली, विभिन्न राज्यों के निदेशक, अपराध अभिलेख ब्यूरो एवं निदेशक अंगुल चिन्ह ब्यूरो भाग लेंगे।
दो दिवसीय समारोह में विभिन्न राज्यों के निदेशक, अपराध अभिलेख ब्यूरो एवं निदेशक अंगुल चिन्ह ब्यूरो द्वारा उठाये जाने वाले मुद्दों एवं समस्याओं पर विचार विमर्श किया जाएगा।
इसके अलावा केंद्रीय गृह मंत्रालय की अत्यन्त महत्वकांक्षी परियोजना 'क्राइम एण्ड क्रिमिनल ट्रेकिंग एण्ड नेटवर्क सिस्टम (सी.सी.टी.एन.एस)' एवं उसके सन्दर्भ में अंगुल चिन्ह की भूमिका पर भी चर्चा होगी तथा भारत के विभिन्न राज्यों में स्थित आटोमेटेड फिंगर प्रिन्ट आईडेन्टिफिकेशन सिस्टम(ए.एफ.आई.एस.) को आपस में जोड़ने, हथेली चिन्हों के कम्पेरिजन की सुविधा, अंगुल चिन्हों के राष्ट्रीय डेटा बेस की स्थापना पर भी चर्चा की जाएगी।
पूरे देश में अंगुल चिन्ह संबंधी कार्यो की एकरूपता, अंगुल चिन्ह विशेषज्ञों को आधुनिकतम प्रशिक्षण व्यवस्था, अंगुल चिन्हों की डिजिटल फोटोग्राफी, गृह मंत्रालय की पुलिस आधुनिकीकरण योजना, राष्ट्रीय सार्वभौमिक पहचान पत्र योजना एकरूप अंगुल चिन्ह मैन्यूअल, विशेषज्ञ राय का प्रारूप, अंगुल चिन्ह विशेषज्ञ कांउसिल की स्थापना आदि विभिन्न मुद्दों पर विचार विमर्श किया जाएगा।
समारोह में अंगुल चिन्ह विशेषज्ञों द्वारा बायोमेट्रिक्स तकनीक पर विशेष प्रस्तुति दी जाएगी तथा विभिन्न कम्पनियों द्वारा अंगुल चिन्ह विज्ञान के क्षेत्र की आधुनिकतम तकनीकों जैसे आटोमेटेड फिंगर प्रिन्ट आईडेन्टिफिकेशन सिस्टम, बायोमेट्रिक्स उपकरण तथा अदृश्य चान्सप्रिन्टस को विकसित करने में प्रयुक्त आधुनिकतम तकनीक, रसायनों एवं प्रक्रिया का प्रदर्शन किया जाएगा एवं उनसे संबंधित प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications