रुखसाना के परिवार को राजौरी ले जाया गया
जम्मू, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। पिछले रविवार को लश्कर-ए-तैयबा के एक आतंकवादी को मौत के घाट उतारने वाली किशोरी रुखसाना और उसके परिवार को राजौरी कस्बे में सुरक्षित स्थान पर ठहराया गया है।
यह कदम पुलिस द्वारा इस बात की पुष्टि करने पर उठाया गया है कि आतंकवादी बदला लेने के लिए हमले की फिराक में हैं।
राजौरी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शफाकत वताली ने आईएएनएस को बताया, "परिवार को शुक्रवार को राजौरी लाया गया। वे इस समय जिला पुलिस लाइन में हैं। हम उनकी पूरी देखभाल कर रहे हैं।"
लश्कर के आतंकवादियों द्वारा बदला लेने के लिए हमले की साजिश रचने की विश्वसनीय जानकारी मिलने के बाद परिवार को गांव छोड़ने को मजबूर होना पड़ा।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस मामले में खुफिया संदेश भी पकड़े गए हैं। आतंकवादी सिर्फ इस वजह से बदला नहीं लेना चाहते कि एक 18 वर्षीय लड़की के हाथों उनका कमांडर अबु ओसामा मारा गया, बल्कि रुखसाना के इस कारनामे से प्रतिरोध का संदेश भी गया है।
रुखसाना की मां राशिदा बेगम ने कहा कि मीडिया में रुखसाना के साहस और बहादुरी को प्रमुखता मिलने से नाराज आतंकवादी गुस्से में हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications