उड़ीसा में बाढ़ से सैकड़ों गांव डूबे
कई अन्य जिलों में बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है। अधिकारियों ने कहा है कि बालासोर, मयूरभंज, कोरापुट, कटक और भद्रक जिलों में कई नदियां उफान पर हैं।
कई नदियां खतरे के निशान के करीब बह रही हैं। भद्रक जिले के अखुआपाड़ा में बैतरणी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। बुद्धबालंगा नदी भी खतरे के निशान के करीब बह रही है।
महानदी, ब्राह्मी, बंसधारा और रसिकुलया जैसी प्रमुख नदियों के भी जल स्तर में वृद्धि हो रही है।
बालासोर और मयूरभंज सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में से हैं। बालासोर में बाढ़ के कारण लगभग 35,000 लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि मयूरभंज जिले में 10,000 लोग प्रभावित हुए हैं। इस जिले के सैकड़ों गांव बाढ़ के पानी में डूब गए हैं।
स्थानीय प्रशासन ने बालासोर, भद्रक और मयूरभंज जिलों के प्रभावित इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू कर दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications