नाव दुर्घटना : तीन और शव बरामद, मृतकों की संख्या 44 हुई (लीड-1)
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि शवों को उस समय बरामद किया गया जब गोताखोरों, पुलिस और वन कर्मियों का एक दल शनिवार को तलाशी अभियान में जुटा हुआ था।
अधिकारी ने कहा कि तमिलनाडु की रहने वाली बच्ची और उसकी मां के शव शनिवार को सुबह बरामद किए गए, जबकि आंध्र प्रदेश निवासी अपूर्व (15) का शव अपराह्न में बरामद किया गया। अपूर्व के 19 वर्षीय भाई का अभी भी कुछ पता नहीं लग पाया है।
अधिकारी ने कहा कि तलाशी अभियान रविवार को भी जारी रहेगा।
इडुक्की के पुलिस अधीक्षक पी.के.कुट्टापाई ने आईएएनएस से कहा, "हमें सूचना मिली है कि मैसूर से थेक्कडी के लिए निकला एक जोड़ा अब तक अपने घर वापस नहीं पहुंचा है। लेकिन यदि वह यहां है तो इस संबंध में हमें जानकारी नहीं है।"
ज्ञात हो कि केरल पर्यटन विकास निगम (केटीडीसी) की नाव बुधवार की शाम पलट गई थी। घटना के शिकार लापता लोगों को खोजने का बचाव दल का शनिवार को लगातार तीसरा दिन था।
मरने वालों में तमिलनाडु के 13, दिल्ली के 12, आंध्र प्रदेश व पश्चिम बंगाल के पांच-पांच, कर्नाटक व केरल के तीन-तीन लोग और मुंबई का एक व्यक्ति शामिल है।
केटीडीसी ने नाव चालक विक्टर सैमुअल व दो अन्य सदस्यों को शनिवार को बर्खास्त कर दिया है।
पुलिस जांच के अलावा केटीडीसी के प्रबंध निदेशक के. जी. मोहनलाल ने भी दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। राज्य सरकार ने दुर्घटना की न्यायिक जांच की घोषणा की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications