कश्मीर में प्रदर्शनकारियों और पुलिस में झड़प, 22 घायल (लीड-2)
श्रीनगर, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के बारामूला कस्बे में आंसू गैस के गोले से एक 13 वर्षीय किशोर की मौत एक दिन बाद शनिवार को दिन भर स्थानीय प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प होती रही। झड़प में एक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित कुल 22 लोग घायल हो गए हैं। तनाव को देखते हुए इलाके में धारा 144 लागू कर दी गई है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यहां कहा, "एक उग्र भीड़ द्वारा किए जा रहे पथराव के कारण बारामूला के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित कम से कम 12 पुलिस कर्मी घायल हो गए। इस संघर्ष में 10 प्रदर्शनकारियों को भी मामूली चोटें आई हैं।"
ज्ञात हो कि शुक्रवार को आंसू गैस का गोला लगने से एक 13 वर्षीय किशोर की मौत हो गई थी। स्थानीय लोग किशोर की मौत को लेकर आक्रोशित हैं।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि युवकों का एक समूह बारामूला के पुराने और नए कस्बे को जोड़ने वाले पुल पर इकठ्ठा हो गया और कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात किए गए पुलिस बल पर पथराव करने लगा।
स्थानीय प्रशासन ने बारामूला के नए और पुराने इलाके में धारा 144 लागू कर दिया है। धारा 144 के तहत पांच या पांच से अधिक लोगों के एक स्थान पर इकठ्ठा होने पर रोक है।
राज्य में सत्तारूढ़ दल नेशनल कांफ्रेंस केनेता और ग्रामीण विकास मंत्री अली मोहम्मद सागर ने कस्बे का दौरा कर नागरिक और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों से मुलाकात कर हालात की जानकारी ली है। उन्होंने कस्बे के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर शांति स्थापित करने में सहयोग करने की अपील की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications