राष्ट्रमंडल खेलों के लिए उल्टी गिनती शुरू
भारत में अगले साल 3 अक्टूबर 2010 से शुरू होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों का उद्घाटन राजधानी दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में होगा जिसकी क्षमता 75,000 दर्शकों की है।
अगले साल होने वाले बहुप्रतिक्षित राष्ट्रमंडल खेलों में 53 देशों के 5,000 एथलीट 19 प्रतिस्पर्धाओं के लिए भाग लेंगे जो कभी ब्रिटिश राज्य के उपनिवेश थे।
भारत को सन 1982 में एशियन गेम्स की मेजबानी मिली थी जिसमें 33 देशों के 4,595 एथलीटों ने 21 प्रतिस्पर्धाओं में भाग लिया था। राष्ट्रमंडल खेल का आयोजन भारत में अब तक का सबसे बड़ा खेल आयोजन होगा।
राष्ट्रमंडल खेल आयोजन समिति के महासचिव ललित भनोट ने आईएएनएस को बताया, "मैं आपको बताना चाहता हूं कि साइकिल और रग्बी प्रतिस्पर्धाओं को छोड़कर बाकी सभी प्रतिस्पर्धाओं की जगहों के निर्माण कार्य का 80 फीसदी 31 दिसंबर से पहले पूरा कर लिया जाएगा।"
दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के लिए राष्ट्रमंडल खेलों को कुशलता के साथ संपन्न कराना बड़ी चुनौती बन गया है। इस बारे में शीला दीक्षित ने घोषणा की ,"हमलोग समय पर तैयार हो जाएंगे।"
पिछले महीने राष्ट्रमंडल खेल संघ के अध्यक्ष माइकल फिनेल ने खेलों की तैयारियों को लेकर भारतीय ओलंपिक संघ(आईओसी) के प्रमुख सुरेश कलमाड़ी को एक कड़ा पत्र लिखकर प्रधानमंत्री के साथ बैठक कराने को कहा था।
फिनेल ने कहा था, "राष्ट्रमंडल खेलों के शुरू होने में केवल एक वर्ष ही रह गया है। मैं महसूस करता हूं कि व्यक्तिगत रूप से तैयारियों में कमी को लेकर प्रधानमंत्री से बात करनी चाहिए और उचित सुधार योजना को लेकर प्रयास करना चाहिए।"
राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गृह सचिव जी.के.पिल्लई ने कहा, "जहां तक हमारे ज्ञान की बात है तो राष्ट्रमंडल खेलों के लिए कोई विशेष खतरा नहीं है।"
सुरक्षा मुद्दे को लेकर भारत ने राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा लेने वाले आस्ट्रेलिया, ब्रिटेन, कनाडा, न्यूजीलैंड, कीनिया, नाईजीरीया और सिंगापुर सहित 26 देशों से सुरक्षा और यातायात संबधित मुद्दे को लेकर बातचीत की थी।
वर्ष 1982 में एशियाड में भाग ले चुके रणधीर सिंह ने आईएएनएस को बताया, "आलोचना का स्वागत किया जाना चाहिए.. क्योंकि कभी कभी आप सोच सकते हैं कि चीजें सही दिशा में जा रहीं हैं जबकि ऐसा नहीं होता है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications